सिंघाना पुलिस की अवैध महुआ शराब निर्माण के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई
65 लीटर कच्ची महुआ शराब एवं निर्माण सामग्री जप्त
650 किलो महुआ लहान किया नष्ट, कुल मशरुका लगभग ₹58,500/-
दबिश के दौरान आरोपी फरार, तलाश जारी
मनावर पुलिस कार्यवाही
पुलिस अधीक्षक धार श्री सचिन शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विजय डावर एवं एसडीओपी मनावर श्री ब्रजेश कुमार मालवीय के मार्गदर्शन में अवैध शराब के निर्माण एवं विक्रय के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया था।
इसी क्रम में दिनांक 17.09.2026 को चौकी सिंघाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम सिरसी में सुनिल पिता सिकदार डावर, निवासी ग्राम सिरसी, अपने घर के पास बनी टपरी की आड़ में अवैध हाथ भट्टी से कच्ची महुआ शराब का निर्माण कर रहा है तथा तैयार शराब को बिक्री के लिए ले जाने की तैयारी में है।
सूचना पर चौकी सिंघाना पुलिस टीम द्वारा तत्काल घेराबंदी कर बताए गए स्थान पर दबिश दी गई। पुलिस को देखकर आरोपी सुनिल पिता सिकदार डावर, जाति भील, निवासी ग्राम सिरसी मौके से भागने लगा। पुलिस टीम द्वारा पकड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन आसपास केले की घनी फसल एवं नाले का फायदा उठाकर आरोपी फरार होने में सफल रहा। आरोपी की तलाश की जा रही है।
जप्त एवं नष्ट मशरुका –
मौके से हाथ भट्टी निर्मित कच्ची महुआ शराब लगभग 65 लीटर, अनुमानित कीमत ₹6,500/- जप्त की गई। अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त हाथ भट्टी निर्माण सामग्री जप्त की गई। नाले के किनारे जमीन में छिपाकर रखा गया महुआ लहान, जिसमें 70 लीटर क्षमता वाले 05 ड्रम, 200 लीटर क्षमता वाले 02 ड्रम एवं टायर ट्यूब में रखा लहान, कुल लगभग 650 किलोग्राम, मौके पर नष्ट किया गया।नष्ट किए गए महुआ लहान की अनुमानित कीमत ₹52,000/- है।
कुल जप्त/नष्ट मशरुका की अनुमानित कीमत – ₹58,500/-
फरार आरोपी –
सुनिल पिता सिकदार डावर, जाति भील, निवासी ग्राम सिरसी।
आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपी की तलाश जारी है।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी मनावर निरीक्षक राजेश यादव, चौकी प्रभारी सिंघाना उप निरीक्षक अनुप बघेल, सउनि सुखदेव अलावे, प्रआर. शेरसिंह बघेल, प्रआर. महेन्द्र डावर, प्रआर. मौसमी सोलंकी, आर. बलराम वास्कले, आर. सुनील डावर एवं आर. चेनसिंह बघेल की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।
चौकी सिंघाना थाना मनावर पुलिस द्वारा अवैध शराब के निर्माण एवं विक्रय जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाने हेतु क्षेत्र में लगातार सर्चिंग एवं कार्रवाई जारी रहेगी।
मनावर से अली असगर खड़की वाला की रिपोर्ट






