भरतपुर से बड़ी खबर
नगर निकाय चुनाव को लेकर भरतपुर पुलिस अलर्ट
नदबई, बयाना, उच्चैन और वैर में निकाला फ्लैग मार्च, मतदाताओं को निर्भीक मतदान का संदेश
भरतपुर, 10 सितम्बर। नगर निकाय आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण के मतदान को लेकर भरतपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट और मुस्तैद है। जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना (आईपीएस) के निर्देशन में नदबई, बयाना, उच्चैन एवं वैर नगरपालिका क्षेत्रों में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने प्रमुख बाजारों, मुख्य मार्गों, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों तथा मतदान केंद्रों के आसपास भ्रमण कर आमजन को बिना किसी भय, दबाव अथवा प्रलोभन के स्वतंत्र एवं निर्भीक होकर मतदान करने का संदेश दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए सघन नाकाबंदी, प्रभावी गश्त और लगातार निगरानी की जा रही है। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
जिला पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों, उपद्रवियों एवं संदिग्ध व्यक्तियों पर पुलिस की पैनी नजर है। मतदाताओं को डराने-धमकाने, दबाव बनाने, अफवाह फैलाने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक एवं अफवाहजनक सूचनाओं पर भी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अफवाहों पर विश्वास न करें और चुनाव के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।





