आजादी के 80 साल बाद से सड़क का इंतजार
गडारी के ग्रामीणों ने जनपद सीईओ और तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
टीकमगढ़ जिले की जनपद पंचायत पलेरा के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत गडारी के ग्रामीण आज भी पक्की सड़क जैसी बुनियादी सुविधा के लिए संघर्ष कर रहे हैं। सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जनपद पंचायत पलेरा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अरविंद बोरकर और तहसीलदार पलेरा को ज्ञापन सौंपकर समस्या के जल्द समाधान की मांग की है ।
ग्रामीणों के अनुसार ग्राम पंचायत गडारी के श्मशान घाट से गडारी के मुख्य मार्ग तक पक्की सड़क नहीं होने के कारण आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। बारिश के दौरान रास्ता कीचड़ और दलदल में तब्दील हो जाता है, जिससे ग्रामीणों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इस मार्ग से गुजरने वाले स्कूली बच्चे सबसे अधिक परेशान हैं। बच्चों को रोजाना कीचड़ भरे रास्ते से होकर स्कूल जाना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
ग्रामीणों ने जनपद सीईओ पलेरा और तहसीलदार पलेरा को ज्ञापन सौंपते हुए जिला प्रशासन से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए श्मशान घाट से मुख्य मार्ग तक जल्द पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि बारिश के मौसम में होने वाली परेशानी से ग्रामीणों और विद्यार्थियों को निजात मिल सके।
ज्ञापन सौंपने के दौरान अनेक समाजसेवी रामकुमार यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। वहीं लोगों का कहना है कि सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीणों को लंबे समय से परेशानी उठानी पड़ रही है। बारिश में रास्ते की स्थिति बेहद खराब हो जाती है। प्रशासन को जल्द सड़क निर्माण कराना चाहिए। बारिश के समय रास्ते में कीचड़ और दलदल हो जाता है, जिससे आवागमन मुश्किल हो जाता है। सड़क बनने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।स्कूल आने-जाने में कीचड़ भरे रास्ते से निकलना पड़ता है। पक्की सड़क बनने से विद्यार्थियों को काफी सुविधा होगी।






