सूरजागढ़ माइंस के भारी वाहनों से जर्जर हुआ परलकोट हाईवे-25, राहगीरों की बढ़ी परेशानी, आए दिन दुर्घटना हो रही है महाराष्ट्र सूरजागढ़ माइंस से भारी वाहनों के लगातार संचालन के कारण परलकोट क्षेत्र से गुजरने वाले हाईवे-25 की हालत खराब होती जा रही है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे उभर आए हैं और कई हिस्सों में सड़क की सतह क्षतिग्रस्त होने से राहगीरों एवं छोटे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि माइंस से निकलने वाले भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से सड़क पर दबाव बढ़ रहा है। भारी वाहनों के कारण सड़क के कई हिस्सों में टूट-फूट बढ़ गई है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और अधिक खराब हो जाती है। इससे दोपहिया और छोटे चारपहिया वाहनों के चालकों को आवागमन में काफी दिक्कत होती है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि हाईवे-25 पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं, लेकिन सड़क की नियमित मरम्मत और रखरखाव पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। कांग्रेस द्वारा सड़क की बदहाली के विरोध में दो बार सड़क जाम कर आंदोलन भी किया जा चुका है, इसके बावजूद शासन-प्रशासन का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क की स्थिति का निरीक्षण कर जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि भारी वाहनों के आवागमन से प्रभावित सड़क का स्थायी समाधान किया जाए तथा आवश्यकतानुसार सड़क का मजबूतीकरण कराया जाए। कांग्रेसियों द्वारा दो दो बार सड़क पर उतर कर आंदोलन किया गया मगर शासन प्रशासन द्वारा ध्यान नहीं दिया गया है,अब परलकोट क्षेत्र के जनता आने वाले समय जरूर जवाब देंगे।





