कटनी। एनएच-30 हाईवे पर खड़े ट्रकों से डीजल चोरी करने के मामले का झिंझरी पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 225 लीटर डीजल, डीजल निकालने के उपकरण, दो बड़ी चुंगी और वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर जिले में हुई डीजल चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
ट्रक खड़ा कर सो गया था चालक
पुलिस के अनुसार 25-26 अगस्त की दरमियानी रात ट्रेलर ट्रक क्रमांक RJ 32 GD 5722 का चालक सुरेश कुमार खरोल पिपरौंध स्थित जायसवाल ढाबे के सामने हाईवे किनारे ट्रक खड़ा कर सो गया था। सुबह करीब 5 बजे जब चालक उठा तो ट्रक की डीजल टंकी का ढक्कन टूटा हुआ मिला। जांच करने पर टंकी से डीजल चोरी होने की जानकारी सामने आई।
चालक ने पुलिस को बताया कि रात के समय ट्रक के आसपास सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार, जिसका नंबर MP-21 से शुरू होना बताया गया था, संदिग्ध अवस्था में घूमती दिखाई दी थी। शिकायत के आधार पर थाना माधवनगर में अपराध क्रमांक 868/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
साइबर सेल की मदद से आरोपी तक पहुंची पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए चौकी झिंझरी पुलिस ने तत्काल मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। साथ ही साइबर सेल कटनी से तकनीकी सहयोग लेकर संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू की गई। पुलिस को मिली सूचना के आधार पर स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक MP 21 CA 6181 को चिन्हित किया गया।
जांच के दौरान उक्त कार आरोपी नीलेश उर्फ अंकू जैन निवासी ग्राम पिपरौंध, थाना माधवनगर, जिला कटनी के लखापतेरी स्थित गोदाम में खड़ी मिली। पुलिस ने गोदाम की तलाशी ली तो वहां डीजल चोरी से संबंधित सामग्री बरामद हुई।
गोदाम से 225 लीटर डीजल बरामद
पुलिस के मुताबिक तलाशी के दौरान 9 डिब्बों में करीब 225 लीटर डीजल, डीजल निकालने का पाइप मय इंस्ट्रुमेंट, डीजल भरने एवं निकालने की दो बड़ी चुंगी तथा घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार बरामद कर जब्त की गई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी नीलेश उर्फ अंकू जैन द्वारा डीजल चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की जानकारी भी मिली है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
अन्य वारदातों का भी हो सकता है खुलासा
पुलिस जांच में आरोपी के पूर्व में भी डीजल चोरी की घटनाओं में संलिप्त रहने की जानकारी सामने आने की बात कही गई है। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर जिले में हाईवे और अन्य स्थानों पर हुई डीजल चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ करेगी। पूछताछ के दौरान डीजल चोरी की अन्य वारदातों का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक शिवा पाठक एवं थाना प्रभारी माधवनगर शैलेन्द्र सिंह यादव के पर्यवेक्षण में की गई।
कार्रवाई में चौकी प्रभारी उनि राजेश कुमार दुबे, सउनि शशिभूषण सिंह, सउनि सतीश भगत, प्रधान आरक्षक पंकज त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक राजेश चौधरी, आरक्षक संजय यादव, आरक्षक सौरव कुमार, आरक्षक चन्द्रकमल पाण्डेय तथा साइबर सेल कटनी के आरक्षक अजय साकेत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





