धार भोजशाला को लेकर सकल हिंदू समाज के आह्वान पर मंगलवार को मनावर शत-प्रतिशत दोपहर तक बंद रहा। सुबह चाय, खान-पान एवं गुटके के लिए लोग इधर-उधर भटकते रहे। हिंदू संगठनों ने सुबह 6 बजे से नगर के प्रमुख मोहल्ला चौराहों पर घूम-घूम कर दुकानें बंद करवा दी। कई व्यापारियों ने स्वेच्छा से कारोबार बंद कर समर्थन दिया। हिंदू संगठनों ने दोपहर 1 बजे धार रोड स्थित कृषि उपज मंडी परिसर से पैदल रैली निकाली, जो इंदौर रोड स्थित पुलिस थाना परिसर पहुंची। जहां हिंदू संगठनों द्वारा ज्ञापन का वाचन कर तहसीलदार विजय तलवारे को दिया गया। ज्ञापन के पश्चात सकल हिंदू समाज द्वारा सामुहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। ज्ञापन का वाचन कर उल्लेख किया गया कि न्यायालय द्वारा दिया गया आदेश का पालन प्रशासन द्वारा नहीं करने पर हिंदू संगठन एकजुट होकर प्रशासन से मांग कर रहा है। हिंदू संगठनों ने कहा कि वर्षों पुरानी समस्या का समाधान सुप्रीम कोर्ट द्वारा आदेश जारी कर दिया गया, लेकिन प्रशासन द्वारा सुप्रीम कोर्ट के आदेश में भोजशाला परिसर में नमाज की अनुमति नहीं देने एवं शुक्रवार की नमाज के लिए परिसर के बाहर उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराने के निर्देश होने से सकल हिंदू समाज निर्देशों का पालन करने की मांग कर रहा है। हिंदू समाज का कहना है कि भोजशाला हमारी आस्था एवं धार्मिक भावनाओं से जुड़ा हुआ है जिसमें हिंदू समाज में किसी भी तरह का विवाह नहीं होना चाहिए। समाज जनों ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा की भोजशाला परिसर में नमाज की अनुमति नहीं देने एवं शुक्रवार की नमाज के लिए परिसर के बाहर उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर मनावर एसडीओपी बृजेश कुमार मालवीय, थाना प्रभारी राजेश यादव, तहसीलदार विजय तलवारे, पूर्व सांसद छतर सिंह दरबार की मौजूदगी के अलावा बड़ी संख्या में हिंद संगठन के लोग उपस्थित रहे।





