जन्माष्टमी और निकाय चुनाव को लेकर जयपुर प्रशासन अलर्ट

जन्माष्टमी पर्व और नगरीय निकाय आम चुनाव की तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट

जिला कलक्टर ने सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध पूरी करने और आचार संहिता की सख्ती से पालना के दिए निर्देश

जयपुर, 20 अगस्त। आगामी जन्माष्टमी पर्व एवं नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर जिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (म्यूनिसिपल) संदेश नायक की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों महत्वपूर्ण आयोजनों एवं निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

जन्माष्टमी पर्व का आयोजन जयपुर शहर के मंदिर श्री गोविंददेवजी, इस्कॉन सहित अन्य मंदिरों में 4 सितंबर (शुक्रवार) को किया जाएगा। वहीं 5 सितंबर (शनिवार) को प्रातः से मध्यान्ह तक मंदिर श्री गोविंददेवजी में नंदोत्सव तथा शाम 4 बजे से श्रीजी की भव्य शोभायात्रा आयोजित होगी।

जिला कलक्टर ने जन्माष्टमी एवं शोभायात्रा को देखते हुए मंदिरों तथा आसपास के क्षेत्रों में समुचित साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बेसहारा पशुओं पर नियंत्रण और परकोटे के प्रवेश द्वारों पर सजावटी रोशनी सुनिश्चित करने के निर्देश नगर निगम अधिकारियों को दिए। मंदिरों के आसपास मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था करने के साथ यातायात व्यवस्था को भी सुचारु रखने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने भारी भीड़ के दौरान मोबाइल कनेक्टिविटी प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए बीएसएनएल के डीजीएम (शहर) को आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत आपूर्ति की समुचित व्यवस्था करने, ट्रांसफार्मरों एवं विद्युत लाइनों के आसपास पेड़-पौधों की कटाई-छंटाई कराने तथा बारिश के कारण मंदिरों और शोभायात्रा मार्गों पर हुए गड्ढों को समय रहते भरवाने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।

जिला कलक्टर ने अग्निशमन, एम्बुलेंस, नागरिक सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने और कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम के माध्यम से व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट शहर (दक्षिण) युगांतर शर्मा को सभी संबंधित विभागों से समन्वय रखते हुए आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाएं निर्धारित समयावधि में पूर्ण करवाने के निर्देश दिए गए।

नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों की भी समीक्षा

बैठक में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आदर्श आचार संहिता की सख्ती से पालना सुनिश्चित कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

उन्होंने मतदाता सूचियों की शुद्धता एवं अद्यतन स्थिति, प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के समयबद्ध निस्तारण, मतदान केन्द्रों के भौतिक सत्यापन तथा वहां आवश्यक न्यूनतम सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही सहायक मतदान केन्द्रों की स्थापना तथा संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केन्द्रों की पहचान करने को कहा।

निर्वाचन प्रक्रिया के तहत प्रशिक्षण एवं स्ट्रॉंग रूम के लिए स्थल चयन, नगर पालिका चुनाव के लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों के संग्रहण एवं मतगणना स्थल का चयन, नाम निर्देशन प्राप्ति स्थल पर आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता तथा लोक सूचना नोटिस एवं निर्वाचन संबंधी स्टेशनरी की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने ईवीएम के परिवहन एवं सीलिंग, दिव्यांग मतदाताओं के लिए आवश्यक सुविधाएं, निर्वाचन से जुड़ी सभी गतिविधियों की वीडियोग्राफी तथा पम्पलेट एवं पोस्टर मुद्रण की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। वाहन एवं ध्वनि विस्तारक यंत्र की अनुमति सहित निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अन्य कार्यों को भी निर्धारित समय सीमा में पूरा करने को कहा गया।

उन्होंने सभी संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारियों एवं अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन करने तथा चुनाव प्रक्रिया के दौरान आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी मेघराज मीणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रथम राजीव द्विवेदी, अतिरिक्त जिला कलक्टर पूर्व नरेंद्र कुमार वर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर चतुर्थ आशीष कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर दक्षिण युगांतर शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर उत्तर राजेंद्र सिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर तृतीय देवयानी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं मंदिर प्रशासन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Posts

सेवा मेरा योगदान अभियान में वन विभाग ने थामा स्वच्छता का संकल्प

वन मंडल कार्यालय परिसर में अधिकारियों-कर्मचारियों ने चलाया सामूहिक सफाई अभियानकटनी, 4 अक्टूबर 2026। शासन के “सेवा मेरा योगदान” एवं “सेवा संकल्प अभियान-2026” के तहत रविवार को वन मंडल कार्यालय,…

वृंदावन में किन्नरों के दो गुटों में जमकर विवाद

वृंदावन स्थित रुक्मणी विहार में राधा फ्लोरेंस चौराहे पर फर्जी किन्नरों और वृंदावन के किन्नरों के बीच हुई जमकर बहस और हाथापाई ।बाहर से आये हुए नकली किन्नर जो वृंदावन…

Leave a Reply

OTHER NEWS

सेवा मेरा योगदान अभियान में वन विभाग ने थामा स्वच्छता का संकल्प

सेवा मेरा योगदान अभियान में वन विभाग ने थामा स्वच्छता का संकल्प

वृंदावन में किन्नरों के दो गुटों में जमकर विवाद

वृंदावन में किन्नरों के दो गुटों में जमकर विवाद

पिज्जा दुकान में घटना के बाद मौके पर पहुंचे SP सिटी

पिज्जा दुकान में घटना के बाद मौके पर पहुंचे SP सिटी

गांधी जयंती पर मनावर थाने में स्वच्छता-पौधारोपण अभियान

गांधी जयंती पर मनावर थाने में स्वच्छता-पौधारोपण अभियान

CM भजनलाल का युवाओं-कार्यकर्ताओं को संदेश

CM भजनलाल का युवाओं-कार्यकर्ताओं को संदेश

शादी में गहनों से भरा बैग चोरी, बाल अपचारी पकड़ा

शादी में गहनों से भरा बैग चोरी, बाल अपचारी पकड़ा