संदीप मौर्य✍️
बहोरीबंद। विकास के दावों के बीच बहोरीबंद जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत मोहाई में पेयजल संकट की तस्वीर सामने आई है। गांव में पीने के पानी की समस्या से परेशान सैकड़ों महिला-पुरुष ग्रामीणों को अपनी फरियाद लेकर बहोरीबंद एसडीएम कार्यालय पहुंचना पड़ा। ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपकर पेयजल समस्या के तत्काल निराकरण की मांग की और समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में नल-जल योजना का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है। हालात ऐसे हैं कि महिलाओं और अन्य ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए कई किलोमीटर दूर तक भटकना पड़ता है। भीषण परेशानी के बावजूद जिम्मेदारों द्वारा समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। ग्रामीणों ने पंचायत प्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सरपंच द्वारा लगातार टालमटोल की जा रही है।
ज्ञापन सौंपने पहुंचे ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक पर भी नाराजगी जाहिर की। उनका आरोप है कि विधायक के समक्ष समस्या रखने पर केवल आश्वासन मिलता है, लेकिन धरातल पर कोई ठोस पहल नजर नहीं आती। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब गांव में पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा ही उपलब्ध नहीं है, तो विकास के दावों की वास्तविकता क्या है?
पंप खराब होने से बिगड़ी व्यवस्था : सरपंच
वहीं, ग्राम पंचायत सरपंच ने पेयजल संकट को लेकर अपना पक्ष रखते हुए बताया कि समर्सिबल पंप जल जाने के कारण पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई है। पंप को जल्द ठीक करवाकर पेयजल व्यवस्था बहाल कराई जाएगी।





