चपड़ से हमले के आरोपी की जेल में मौत, परिजनों ने पुलिस पर लगाया पिटाई का आरोप; शव रखकर किया हंगामा उन्नाव। आसीवन थाना क्षेत्र में युवक पर धारदार हथियार से हमला करने के मामले में जेल भेजे गए आरोपी की बुधवार को जिला अस्पताल में मौत हो गई। आरोपी की मौत के बाद परिजनों ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाते हुए जिला अस्पताल में जमकर हंगामा किया। परिजनों ने शव को अस्पताल गेट के बाहर रखकर जाम लगा दिया। वहीं जेल प्रशासन ने मामले की जांच कराने की बात कही है। जानकारी के अनुसार, आसीवन थाना क्षेत्र के बेगम नगर रसूलाबाद निवासी शहरुख अहमद ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि 21 जून की दोपहर करीब डेढ़ बजे उनका छोटा भाई अनस पुत्र निहाल अहमद नुरुल्लानगर स्थित विमल अवस्थी के आम के बाग की रखवाली कर रहा था। आरोप है कि इसी दौरान नुरुल्लानगर निवासी आदिल पुत्र सफीक और उसके पिता सफीक अहमद ने अनस को घर बुलाया और जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार (चपड़) से हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो अनस जमीन पर घायल अवस्था में पड़ा मिला। उसके सिर पर गंभीर चोटें आई थीं। परिजन उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मियागंज लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल उन्नाव रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी। आसीवन पुलिस ने आरोपी सफीक अहमद पुत्र मुन्ना निवासी नुरुल्लानगर को गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायालय के आदेश पर जिला जेल भेज दिया था। इनसेट जेल में बिगड़ी हालत, अस्पताल में मौत- जेल प्रशासन के अनुसार, सफीक अहमद को मंगलवार शाम जिला जेल में दाखिल किया गया था। बुधवार दोपहर करीब दो बजे अचानक उसकी हालत बिगड़ गई। जेल कर्मी राजीव शुक्ला और सचिन उसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इमरजेंसी में मौजूद डॉक्टर आशीष सिंह ने उसका इलाज शुरू किया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इनसेट सड़क जाम कर हंगामा काटा- आरोपी की मौत की सूचना मिलते ही परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने पुलिस पर आरोपी के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया और कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने जिला अस्पताल के मुख्य गेट पर शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। इनसेट जेल प्रशासन ने जांच की बात कही- जेल अधीक्षक नीरज देव ने बताया कि आरोपी को मंगलवार शाम जेल में दाखिल किया गया था। बुधवार को उसकी तबीयत खराब होने पर उसे जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी मौत हो गई। मामले की जांच कराई जाएगी। वहीं आसीवन थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि चपड़ से हमला कर एक युवक को घायल करने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया था। मौत के कारणों की जांच संबंधित अधिकारियों द्वारा की जाएगी। इनसेट पुलिस पर आरोपों की होगी जांच- आरोपी की मौत के बाद परिजनों द्वारा पुलिस पर लगाए गए आरोपों को लेकर जांच की बात कही जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा।






