केंद्र सरकार के सफल, संवेदनशील एवं जनकल्याणकारी 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद भदोही के कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग के मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने की।
प्रेस वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश में सुशासन, सेवा, विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में हुए व्यापक परिवर्तनकारी कार्यों को विस्तार से प्रस्तुत किया गया। आंकड़ों के माध्यम से वर्ष 2014 के बाद केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं, विकास परियोजनाओं तथा जनहितकारी कार्यक्रमों की उपलब्धियों से मीडिया प्रतिनिधियों को अवगत कराया गया।
प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने समन्वित प्रयासों के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। किसानों की आय बढ़ाने, महिलाओं को सशक्त बनाने, युवाओं को रोजगार एवं अवसर उपलब्ध कराने तथा गरीब एवं वंचित वर्गों के सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने, सिंचाई सुविधाओं को मजबूत करने और उत्पादन बढ़ाने के लिए अनेक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया गया है। वहीं आवास, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के माध्यम से महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों एवं जरूरतमंद वर्गों को सुरक्षा कवच प्रदान किया गया है।






