संदीप मौर्य✍️
कटनी। जिले में अवैध मदिरा के विक्रय, परिवहन एवं संग्रहण के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कटनी रेलवे स्टेशन के पास से भारी मात्रा में विदेशी मदिरा जब्त की है। कार्रवाई के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया, जिनके कब्जे से कुल 72 बोतल विदेशी मदिरा, मात्रा 54 बल्क लीटर, बरामद हुई है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 78,200 रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, 18 सितंबर 2026 को कलेक्टर कटनी श्री आशीष तिवारी के आदेशानुसार तथा जिला आबकारी अधिकारी सुश्री विभा मरकाम के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। वहीं उपायुक्त आबकारी संभागीय उड़नदस्ता श्री यशवंत धनौरा के 17 सितंबर को कटनी दौरे के दौरान दिए गए निर्देशों के क्रम में अवैध मदिरा के विरुद्ध निगरानी और कार्रवाई तेज की गई।
रात्रिकालीन गश्त के दौरान पकड़े गए संदिग्ध
आबकारी विभाग की टीम द्वारा कटनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 के पास स्थित शिव मंदिर के सामने रात्रिकालीन गश्त की जा रही थी। इसी दौरान दो व्यक्ति पिठ्ठू बैग एवं हाथों में थैले लेकर संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। टीम ने दोनों को रोककर पूछताछ की।
पूछताछ में दोनों ने अपना नाम शैलेश अविरल राज एवं कौशल तिवारी, निवासी बिहार बताया। संदेह के आधार पर उनके पास मौजूद बैग एवं थैलों की तलाशी ली गई, जिसमें अलग-अलग ब्रांड की विदेशी मदिरा बरामद हुई।
इन ब्रांडों की शराब हुई जब्त
आबकारी विभाग के अनुसार आरोपियों के कब्जे से—
08 PM व्हिस्की की 16 बोतल
रॉयल सेलेक्ट बैरल व्हिस्की की 24 बोतल
रॉयल स्टैग व्हिस्की की 22 बोतल
ब्लेंडर्स प्राइड व्हिस्की की 10 बोतल
इस प्रकार कुल 72 बोतल विदेशी मदिरा, जिसकी कुल मात्रा 54 बल्क लीटर और अनुमानित कीमत 78,200 रुपये है, जब्त की गई।
जांच के दौरान शराब के परिवहन के लिए आवश्यक परिवहन पारपत्र उपलब्ध नहीं पाया गया। आबकारी विभाग ने मदिरा को अवैध रूप से परिवहन किए जाने के आधार पर जब्त कर लिया।
आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज, दोनों जेल भेजे गए
मामले में दोनों आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
इनकी रही अहम भूमिका
कार्रवाई में आबकारी कंट्रोल रूम प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी मंशाराम उइके, वृत्त प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रवीण रतन वरकड़े, आबकारी मुख्य आरक्षक किशन लाल बरोदिया, अनुराग शर्मा सहित अन्य आबकारी स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






