सीएचसी दादाबाड़ी सहित आठ स्थानों पर हुआ रक्तदान
विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत गुरुवार को जिले के विभिन्न स्थानों पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र दादाबाड़ी में आयोजित रक्तदान शिविर में कोटा दक्षिण विधायक श्री संदीप शर्मा, शहर जिलाध्यक्ष श्री राकेश जैन एवं जिला कलक्टर श्री पीयूष समारिया ने रक्तदान करने आए युवाओं की हौसला अफजाई की।
कोटा दक्षिण विधायक, जिला कलक्टर एवं अन्य ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में मरीजों को केले वितरित किए। अभियान के तहत गुरुवार को सीएचसी दादाबाड़ी के साथ ही न्यू मेडिकल कॉलेज कोटा, जिला चिकित्सालय रामगंजमंडी, बसंत विहार स्थित कोटा ब्लड बैंक सोसायटी ब्लड सेंटर, बारां रोड नया नोहरा स्थित श्री कृष्णा एजुकेशन केम्पस, सुधा मेडिकल कॉलेज एण्ड हॉस्पिटल तथा अपना ब्लड सेंटर तलवण्डी में रक्तदान शिविर आयोजित किए गए, जहां युवाओं ने रक्तदान किया। विभिन्न स्थानों पर गुरुवार को आयोजित रक्तदान शिविरों में कुल 133 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।
विद्यालयों में हुई प्रतियोगिताएं
मेरे सपनों का भारत चित्र सेवा के तहत सरकारी एवं निजी विद्यालयों में मेरे सपनों का भारत, विकसित राजस्थान विषय पर चित्रकला, भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साह से भागीदारी की।
19 सितम्बर से आयोजित होंगे शिविर
अभियान में सेवा सेतु कार्यक्रम के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक पंचायत समिति मुख्यालय तथा शहरी क्षेत्रों में 19 से 25 सितम्बर तक शिविरों का आयोजन कर आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। पात्र लाभार्थियों का पंजीयन किया जाएगा तथा आमजन को केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।






