गणेशोत्सव को लेकर कोतवाली पुलिस की गणेश समितियों के साथ बैठक
जगदलपुर आगामी गणेशोत्सव एवं विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कोतवाली पुलिस द्वारा गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
यह बैठक पुलिस अधीक्षक बस्तर शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन में आयोजित हुई। सीएसपी जगदलपुर सुमित कुमार धोत्रे की अध्यक्षता और थाना प्रभारी लीलाधर राठौर की उपस्थिति में थाना कोतवाली परिसर में बैठक संपन्न हुई।
बैठक में पंडालों और विसर्जन कार्यक्रमों की सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए। समितियों को पंडालों में सीसीटीवी और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, फायर सेफ्टी और विद्युत सुरक्षा के प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विसर्जन के निर्धारित मार्ग, समय और स्थल का पालन करने, रैली के दौरान यातायात और आमजन की सुविधा का ध्यान रखने को कहा गया।
ध्वनि विस्तारक यंत्र और डीजे का संचालन सक्षम प्राधिकारी के आदेशों और माननीय न्यायालयों के निर्देशों के अनुरूप करने, अश्लील और फूहड़ गीतों का प्रयोग नहीं करने, रैली में हथियारों के प्रदर्शन, खतरनाक स्टंट और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों से बचने के निर्देश दिए गए। भीड़ नियंत्रण के लिए स्वयंसेवकों की नियुक्ति, स्वच्छता और कचरा प्रबंधन तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा गया।
समितियों ने नियमों का पालन कर सौहार्दपूर्ण वातावरण में उत्सव मनाने और पुलिस को सहयोग का आश्वासन दिया।





