जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में ट्रॉमा सेंटर का लोकार्पण, बस्तर में स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती
जगदलपुर शहीद महेन्द्र कर्मा स्मृति चिकित्सालय में नवनिर्मित अत्याधुनिक ट्रॉमा सेंटर का लोकार्पण स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के मुख्य आतिथ्य और वन मंत्री केदार कश्यप की अध्यक्षता में किया गया।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि बलिराम कश्यप के प्रयासों से स्थापित यह संस्थान आज बस्तर की जीवनरेखा है। मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान में 35 लाख लोगों की घर-घर जांच की गई, 11 हजार गंभीर मरीजों को रायपुर भेजकर जीवनदान दिया गया। दरभा स्वास्थ्य केंद्र को एनक्वास प्रमाण पत्र मिला है।
उन्होंने घोषणा की कि जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में इसी सत्र से 90 सीटों के साथ पैरामेडिकल पाठ्यक्रम शुरू होगा, प्रदेश में 630 पदों के साथ 26-27 नए कोर्स शुरू होंगे। 100 बिस्तर का मानसिक चिकित्सालय 2-3 माह में क्रियाशील होगा। महारानी अस्पताल और सुकमा में अटल आरोग्य लैब से थायराइड, किडनी, लिवर, हृदय सहित 136 जटिल जांचें मुफ्त हो रही हैं। हर साल 3 हजार डॉक्टर तैयार करने का लक्ष्य है, 14 नर्सिंग और 7 फिजियोथेरेपी कॉलेज स्वीकृत हैं। किचन शेड, शौचालय और चिकित्सकों के क्वार्टर निर्माण को मंजूरी दी।
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि 2002-03 में पूरे संभाग में केवल महारानी अस्पताल था, आज जगदलपुर, कांकेर, दंतेवाड़ा में मेडिकल कॉलेज हैं। पहले घायलों के लिए नाइट लैंडिंग करानी पड़ती थी, अब बस्तर में ही ट्रॉमा केयर उपलब्ध है।
विधायक विनायक गोयल ने अस्पताल परिसर में पुलिस चौकी की मांग रखी। कार्यक्रम में वेदवती कश्यप, संजय पांडे, खेमसिंह देवांगन, रामबती भंडारी, दिनेश कश्यप, कमलचंद भंजदेव, अधिष्ठाता प्रदीप बेक सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और मेडिकल छात्र मौजूद रहे।






