पखांजुर क्षेत्र के युवाओं को पुलिस एवं सुरक्षा बलों में भर्ती के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने कांकेर पुलिस द्वारा ‘मिशन रक्षक’ अभियान शुरू किया गया है। अभियान के तहत युवाओं को विभिन्न सुरक्षा बलों में भर्ती की तैयारी के लिए नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कांकेर पुलिस के अनुसार इस प्रशिक्षण में छत्तीसगढ़ पुलिस, बस्तर फाइटर, सीएएफ, सीआरपीएफ, बीएसएफ और अग्निवीर सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। कुशल प्रशिक्षकों द्वारा युवाओं को शारीरिक प्रशिक्षण के साथ-साथ लिखित परीक्षा की तैयारी भी कराई जाएगी।
प्रशिक्षण के दौरान 100 मीटर दौड़, 1500 मीटर दौड़, गोला फेंक, लंबी कूद और ऊंची कूद जैसी शारीरिक दक्षताओं का अभ्यास कराया जाएगा। वहीं लिखित परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।
अभियान के तहत प्रशिक्षण केंद्र कांकेर, भानुप्रतापपुर, अंतागढ़ और पखांजूर में निर्धारित किए गए हैं। पुलिस विभाग ने क्षेत्र के इच्छुक एवं मेहनती युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाकर भर्ती की तैयारी करने की अपील की है।
कांकेर पुलिस की यह पहल ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्र के युवाओं को सुरक्षा बलों में रोजगार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है





