अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र के फूटी कोठी रोड पर देर रात फूड डिलीवरी बॉय के साथ लूट की वारदात.
महूनाका से फूटी कोठी तक 2 किलोमीटर पीछा कर चाकू की नोक पर लूटी डिलीवरी बॉय की बाइक
पुलिस की त्वरित नाकाबंदी,शराब के नशे में धुत आरोपी युवती पलक वर्मा को स्कूटी संग किया गिरफ्तार
रावजी बाजार, जूनी इंदौर व भंवरकुआं थाने का सूचीबद्ध बदमाश प्रिंस विसनार मौके से फरार
एक महीने पहले ही इंदौर से जिलाबदर हुआ था आरोपी प्रिंस
पुलिस की कई टीमें आरोपी के ठिकानो पर दे रही हैं दबिश.
इंदौर के अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र के फूटी कोठी रोड पर देर रात बेखौफ बदमाशों द्वारा एक फूड डिलीवरी बॉय के साथ चाकू की नोक पर लूटपाट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर से महज एक महीने पहले ही जिलाबदर किए गए एक शातिर बदमाश ने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर डिलीवरी बॉय का करीब दो किलोमीटर तक पीछा किया और फूटी कोठी के पास घेरकर हमला कर गाड़ी लूट ली। घटना की सूचना मिलते ही अन्नपूर्णा थाना पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी की और शराब के नशे में धुत आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका जिलाबदर साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस अब फरार बदमाश की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
देर रात शहर की सड़कों पर सन्नाटे का फायदा उठाकर वारदातों को अंजाम देने वाले बदमाशों पर अन्नपूर्णा पुलिस ने कड़ा प्रहार किया है। वारदात देर रात करीब पौने तीन बजे की है, जब फूड सप्लाई कंपनी में कार्यरत डिलीवरी बॉय पीयूष ऑर्डर डिलीवरी के लिए हवा बंगला की तरफ जा रहा था।महूनाका के पास स्कूटी सवार एक युवक और युवती ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया और करीब 2 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद फूटी कोठी पर ओवरटेक कर उसे जबरन रोक लिया।गाड़ी रुकते ही स्कूटी चला रही युवती ने पीयूष को दबोच लिया, वहीं उसके साथी ने कमर से चाकू निकालकर जानलेवा हमला करने की कोशिश की। पीयूष जैसे-तैसे खुद को छुड़ाकर जान बचाकर भागा, जिसके बाद आरोपी उसकी बाइक लेकर चंपत हो गए।सूचना मिलते ही पुलिस ने सुदामा नगर और द्वारकापुरी क्षेत्र में नाकाबंदी कर पुलिस ने 60 फीट रोड से आरोपी युवती पलक वर्मा निवासी रावजी बाजार को गिरफ्तार कर लिया, जो वारदात के वक्त अत्यधिक शराब के नशे में धुत थी।पूछताछ में फरार आरोपी की पहचान रावजी बाजार निवासी प्रिंस विसनार के रूप में हुई। आरोपी प्रिंस के खिलाफ कई थानों में गंभीर केस दर्ज हैं और उसे एक महीने पहले ही जिलाबदर किया गया था। पुलिस अब जिलाबदर आदेश के उल्लंघन और लूट के मामले में फरार प्रिंस की तलाश कर रही है।






