कच्छा-बनियान में पहुंचे तीन चोर, भैंस ने मारी सींग तो जागा परिवार; एक दबोचा
बदायूं जिले के इस्लामनगर। थाना क्षेत्र के एक गांव में देर रात करीब 2 बजे भैंस चोरी करने पहुंचे तीन चोरों की कोशिश ग्रामीणों की सतर्कता के चलते नाकाम हो गई। बताया जा रहा है कि चोर भैंस खोलने पहुंचे थे, तभी भैंस ने सींग मार दिया, जिससे परिवार की आंख खुल गई और शोर मच गया।
शोर सुनकर ग्रामीणों ने चोरों का पीछा किया और एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों के मुताबिक, फरार आरोपी गोली मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।
पकड़े गए आरोपी के हाथ में काले अंगोछे में कपड़े बंधे हुए मिले। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।





