जर्जर मार्ग को लेकर गोण्डाहूर में उग्र जनआंदोलन, कांग्रेस व ग्रामीणों ने किया चक्का जाम।
गोण्डाहूर से सीतागांव को जोड़ने वाले अत्यंत जर्जर एवं बदहाल मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर मंगलवार को क्षेत्र में व्यापक जनआक्रोश देखने को मिला। वर्षों से उपेक्षा का दंश झेल रहे ग्रामीणों ने कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर चक्का जाम कर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने शासन-प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए सड़क निर्माण की मांग को लेकर अपनी आवाज बुलंद की।
आंदोलन का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष इंद्रजीत बिस्वास ने किया। इस दौरान पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी रूप सिंह पोटाई, अमर मंडल सहित कांग्रेस संगठन के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने बताया कि गोण्डाहूर से सीतागांव तक जाने वाला प्रमुख मार्ग लंबे समय से अत्यंत दयनीय स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे एवं जलभराव के कारण आवागमन जोखिमपूर्ण हो गया है। वर्षा ऋतु में मार्ग की स्थिति और अधिक विकट हो जाती है, जिससे स्कूली बच्चों, मरीजों, बुजुर्गों एवं आम नागरिकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सड़क की मरम्मत एवं निर्माण को लेकर कई बार शासन-प्रशासन और संबंधित विभाग का ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी एवं ठोस समाधान नहीं किया गया। लगातार उपेक्षा से क्षुब्ध ग्रामीणों को अंततः आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
धरना-प्रदर्शन एवं चक्का जाम के दौरान कांग्रेस नेताओं और ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर प्रशासन के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। इसके पश्चात महामहिम राज्यपाल के नाम अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम), पखांजूर को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में गोण्डाहूर से सीता गांव को जोड़ने वाले मार्ग का शीघ्र निर्माण अथवा व्यापक मरम्मत कार्य कराए जाने तथा ग्रामीणों को आवागमन की गंभीर समस्या से मुक्ति दिलाने की मांग की गई।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष इंद्रजीत बिस्वास ने कहा कि यह सड़क क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए आवागमन का महत्वपूर्ण माध्यम है, लेकिन लंबे समय से इसकी जर्जर स्थिति के कारण लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। शासन-प्रशासन को इस जनसमस्या का तत्काल संज्ञान लेते हुए सड़क निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करना चाहिए।
वहीं पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी रूप सिंह पोटाई एवं अमर मंडल ने ग्रामीणों की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि सड़क जैसी मूलभूत अधोसंरचना किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती है। यदि ग्रामीण अंचलों की सड़कें बदहाल रहेंगी तो विकास की परिकल्पना अधूरी रह जाएगी। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने की मांग की।
चक्का जाम एवं धरना-प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष बिकाश मंडल, नीहार सरकार, बिधान बिस्वास, अनादी बेध्य, बिधान मंडल, गोपाल मंडल, रबिन्द्र कर, बिकाश हालदार, सुशील बिस्वास, संजय मिस्त्री, नितेश पटरी, बिस्वजीत मिस्त्री, सुशांत मंडल, निकुंज बाला, सोमनाथ गईंन, अरुण पुद्दर, सुभाष बाला, समीर मंडल, स्वपन मंडल, प्रसेनजित मंडल तथा सुसील मंडल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सड़क निर्माण अथवा मरम्मत कार्य प्रारंभ नहीं किया गया तो आगामी दिनों में आंदोलन को और अधिक व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें शासन-प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।





