जयपुर में नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण के मतदान की तैयारियां पूरी हो गई हैं। 9 सितंबर को 18 नगरीय निकायों के 565 बूथों पर सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान दल रवाना हो चुके हैं और प्रशासन ने मतदाताओं, राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मतदान के दिन सार्वजनिक अवकाश भी घोषित किया गया है।
जयपुर में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण के मतदान के लिए मतदान दलों को भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी से निर्वाचन सामग्री और जरूरी निर्देशों के साथ रवाना किया गया।
पहले चरण में नगर परिषद शाहपुरा और चौमूं सहित 16 नगरपालिकाओं में मतदान होगा। कुल 18 नगरीय निकायों के 565 बूथों पर मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने मतदान कार्मिकों को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वहीं राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों को आदर्श आचार संहिता की पालना के निर्देश दिए गए हैं।
निर्देशों के मुताबिक मतदान केंद्र से 200 मीटर की परिधि में चुनावी कैंप नहीं लगाए जा सकेंगे, जबकि 100 मीटर के दायरे में मतदाताओं से वोट की अपील पर रोक रहेगी। मतदान दिवस और उससे पहले के 48 घंटों में शराब के वितरण या पेशकश पर भी रोक रहेगी।
मतदान के दौरान पहचान के लिए मतदाता पहचान पत्र जरूरी होगा। अगर कोई मतदाता फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं कर पाता है तो आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पासपोर्ट, मनरेगा कार्ड समेत 11 वैकल्पिक फोटोयुक्त दस्तावेजों में से कोई एक मूल दस्तावेज दिखाकर पहचान स्थापित कर सकेगा।
वहीं मतदान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मतदान दिवस पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। प्रथम चरण में 9 सितंबर को शाहपुरा, चौमूं और संबंधित नगरपालिकाओं में, जबकि दूसरे चरण में 11 सितंबर को नगर निगम जयपुर क्षेत्र में सार्वजनिक अवकाश रहेगा।
औद्योगिक और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में काम करने वाले कर्मचारियों को भी मतदान के दिन सवैतनिक अवकाश देना अनिवार्य किया गया है। नियमों की पालना नहीं करने वाले नियोजकों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि मतदान के दिन अपना पहचान दस्तावेज साथ लेकर जरूर पहुंचें और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया में भागीदारी निभाएं। जयपुर में दोनों चरणों के मतदान को लेकर प्रशासन ने सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं।






