दान में दी विद्यालय की भूमि पर अन्य निर्माण कर कब्जे का आरोप, पेड़ काटने पर विवाद और धमकी
जिले के ग्राम दौलतपुर स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय की भूमि एवं खेल मैदान पर अतिक्रमण के प्रयास और परिसर में लगे वृक्षों की कटाई का आरोप लगाते हुए ग्रामीण रमेशचंद्र पिता बुधाजी ने कलेक्टर से मुलाकात कर आवेदन सौंपकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में रमेशचंद्र ने बताया कि वर्ष 2013 में उन्होंने एवं ग्राम के अन्य लोगों ने विद्यालय के लिए भूमि दान में दी थी। विद्यालय परिसर में ग्रामीणों द्वारा लगाए गए कई वृक्ष बड़े हो चुके थे। आरोप है कि वर्तमान में कुछ लोगों द्वारा विद्यालय की भूमि पर मुर्रम व पत्थर डालकर भवन निर्माण के लिए उपयोग करने का प्रयास किया जा रहा है तथा परिसर में लगे वृक्षों को भी काट दिया। रमेशचंद्र ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने विद्यालय परिसर में पेड़ काटने और भूमि के संबंध में सवाल किया तो गोपाल एवं जितेंद्र द्वारा जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद रतन सिंह एवं सुरेन सिंह सहित अन्य लोग डंडे लेकर आए और गाली-गलौज की। आवेदन में विद्यालय की प्रधानाध्यापक की मौजूदगी में वृक्ष काटे जाने का भी उल्लेख किया गया है। इस दौरान आवेदन के समर्थन में रमेशचंद्र बामनिया, दिलीप भगवान, जसपाल पोलाया, रेवाराम, चुन्नीलाल जाटव, दीपक बामनिया, संजय बामनिया, मांगीलाल बामनिया, धन्नालाल बामनिया, भारत बामनिया, रामप्रसाद बामनिया, नारायण बामनिया एवं हिम्मत बामनिया सहित ग्रामीण उपस्थित थे। आवेदन के पश्चात कलेक्टर ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।






