जन्माष्टमी पर निकली माखन टोली, जगह-जगह गूंजी जयकारे।
रामायण चौक से शुरू हुआ दहीहंडी फोड़ कार्यक्रम, चौक-चौराहों पर कृष्ण झांकी का हुआ पूजन-अर्चन।
करही बाजार।
भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर करही बाजार में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी दहीहंडी फोड़ कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गांव के युवाओं ने माखन टोली के रूप में ग्राम भ्रमण किया। इस दौरान डीजे की धुन, भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकी और दहीहंडी फोड़ने को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह दहीहंडी बांधी गई थी, जिसे माखन टोली ने फोड़कर जन्माष्टमी पर्व की खुशियां मनाईं।
डीजे और कृष्ण झांकी के साथ निकली माखन टोली। —
दहीहंडी फोड़ कार्यक्रम की शुरुआत शुक्रवार को दोपहर करीब 3 बजे रामायण चौक से हुई। डीजे की धुन के साथ भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकी लेकर माखन टोली ग्राम भ्रमण के लिए निकली। टोली के साथ बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। जैसे-जैसे माखन टोली आगे बढ़ती गई, लोगों की भीड़ भी इसमें जुड़ती गई। कृष्ण भक्ति के गीतों और जयकारों से करही बाजार का वातावरण भक्तिमय हो गया।
माखन टोली सबसे पहले रामायण चौक से बस स्टैंड पहुंची, जहां पहले से बांधी गई दही हंडी को युवाओं ने उत्साह पूर्वक फोड़ा। इसके बाद टोली पानी टंकी, रजक पारा होते हुए पटेल पारा गोविंद चौक पहुंची। यहां भी दहीहंडी बांधी गई थी, जिसे युवाओं ने मिलकर फोड़ा। दहीहंडी फूटते ही मौजूद लोगों ने उत्साह के साथ भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए।
बाजार चौक सहित कई स्थानों पर फोड़ी दहीहंडी–
इसके बाद माखन टोली पटेलपारा से रामायण चौक होते हुए बाजार चौक पहुंची। बाजार चौक में भी दहीहंडी फोड़ने का आयोजन किया गया। यहां बड़ी संख्या में ग्रामीण और युवा मौजूद रहे। दहीहंडी फोड़ने के दौरान युवाओं में जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया। इसके बाद माखन टोली डिपरापारा से फोकटपारा की ओर रवाना हुई, जहां निर्धारित स्थानों पर बांधी गई दहीहंडी को फोड़ा गया।
ग्राम के विभिन्न मोहल्लों का भ्रमण करने के बाद माखन टोली पुनः रामायण चौक पहुंची, जहां बांधी गई दहीहंडी को फोड़कर कार्यक्रम का समापन किया गया।
कृष्ण झांकी का जगह-जगह हुआ पूजन-अर्चन—
माखन टोली के साथ भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकी भी पूरे भ्रमण के दौरान साथ चलती रही। झांकी के विभिन्न चौक-चौराहों पर पहुंचने पर ग्रामीणों ने श्रद्धा और भक्ति के साथ भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की। महिलाओं, बच्चों और युवाओं ने भी झांकी के दर्शन कर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद लिया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और जन्माष्टमी पर्व की उमंग देखने को मिली।
आदर्श गणेश उत्सव समिति के तत्वावधान में हुआ आयोजन—
दहीहंडी फोड़ कार्यक्रम का आयोजन आदर्श गणेश उत्सव समिति के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम में गांव के बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। माखन टोली के ग्राम भ्रमण के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर भी आयोजकों द्वारा आवश्यक तैयारियां की गई थीं। दहीहंडी फोड़ने को लेकर बच्चों से लेकर युवाओं तक में विशेष उत्साह नजर आया।
वरिष्ठों और ग्रामीणों के सहयोग से प्रतिवर्ष होता है आयोजन–
कार्यक्रम के संयोजक दीपांशु मानिकपुरी ने बताया कि करही बाजार में दहीहंडी फोड़ कार्यक्रम प्रतिवर्ष जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित किया जाता है। इस आयोजन में गांव के वरिष्ठजनों, प्रमुख लोगों और ग्रामीणों का विशेष सहयोग मिलता है। सभी के सहयोग और सहभागिता से यह धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न होता है।
उन्होंने कहा कि दहीहंडी केवल मनोरंजन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और माखन चोरी की परंपरा को याद करने का अवसर भी है। इस आयोजन के माध्यम से गांव के युवाओं को एकजुट होकर धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों में सहभागिता करने का अवसर मिलता है।
जन्माष्टमी के अवसर पर करही बाजार में निकली माखन टोली और जगह-जगह फोड़ी गई दहीहंडी ने पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना दिया। डीजे की धुन, कृष्ण झांकी, श्रद्धालुओं की पूजा-अर्चना और युवाओं के उत्साह से शुक्रवार को करही बाजार कृष्णमय नजर आया।





