निकाय चुनाव के लिए परिवहन विभाग द्वारा वाहन अधिग्रहण कार्य तेज, 380 वाहनों की व्यवस्था पूर्ण
कोटा में निकाय चुनाव को लेकर परिवहन विभाग ने वाहनों की व्यवस्था तेज कर दी है। चुनाव ड्यूटी, पुलिस और राजनीतिक दलों के आवागमन के लिए निजी एवं स्कूल बसों सहित विभिन्न वाहनों का अधिग्रहण किया जा रहा है। विभाग के अनुसार अब तक 380 वाहनों की व्यवस्था की जा चुकी है।
कोटा में निकाय चुनाव की तैयारियों के तहत परिवहन विभाग का पूरा अमला वाहन व्यवस्था में जुटा हुआ है। जिला परिवहन कार्यालय में कार्यरत परिवहन निरीक्षक श्री अवधेश डांगी से वाहन अधिग्रहण एवं चुनावी व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि तीन फ्लाइंग स्क्वॉड को वाहन अधिग्रहण के कार्य में लगाया गया है।
विभाग के अनुसार अब तक 110 बसें ग्रामीण क्षेत्र और 154 सिटी बसों को कोटा शहर एवं चुनाव पार्टियों के लिए जीप, क्रूजर एवं मैजिक सहित लगभग 380 वाहनों की व्यवस्था की जा चुकी है।
चुनाव कार्य के लिए स्कूल बसों एवं निजी बसों का भी अधिग्रहण किया जा रहा है।
स्कूल बसों के संबंध में बच्चों के अभिभावकों को बुलाकर दो दिन के अवकाश एवं बच्चों के आवागमन की वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर आवश्यक चर्चा की जा रही है।
वहीं ग्रामीण एवं शहरी पुलिस की डिमांड के अनुसार पुलिस हेतु वाहनों की व्यवस्था पूरी की जा चुकी है। चुनाव दलों के लिए वाहन अधिग्रहण का कार्य लगभग 50 प्रतिशत से अधिक पूरा हो चुका है। अभी 84 बड़ी बसों तथा 131 छोटी/मिनी बसों की व्यवस्था की जानी शेष है। जिसे शीघ्र पूरा कर लिया जावेगा।
परिवहन निरीक्षक के अनुसार चुनाव वाहन अधिग्रहण कार्य को प्राथमिकता दिए जाने के कारण विभाग का सामान्य प्रवर्तन एवं वाहन चेकिंग कार्य फिलहाल प्रभावित हुआ है। चुनाव कार्य की प्राथमिकता के मध्यनजर विभागीय अमला चुनावी वाहन व्यवस्था में लगाया गया है।
परिवहन निरीक्षक अवधेश डांगी ने बताया कि शेष वाहनों की व्यवस्था भी शीघ्र पूरी कर ली जाएगी तथा चुनाव कार्यक्रम के दौरान आवश्यकता और डिमांड के अनुसार अतिरिक्त वाहन भी उपलब्ध करवाए जाएंगे। परिवहन विभाग का प्रयास है कि चुनाव प्रक्रिया में वाहनों की कमी नहीं आने दी जाए।





