भितरवार थाना क्षेत्र के रिछारी कला गांव से एक 25 वर्षीय युवक के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। युवक घर से दुकान जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने जब तलाश शुरू की तो नदी के घाट के पास उसकी मोटरसाइकिल, चप्पल, बैग और मोबाइल फोन मिलने से मामला और गंभीर हो गया। युवक के नदी में डूबने की आशंका जताई जा रही है
लापता युवक की पहचान रिछारी कला निवासी ललित रावत, पिता गजेंद्र रावत के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ललित घर से दुकान जाने की बात कहकर निकला था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।तलाश के दौरान नदी के घाट के पास युवक की मोटरसाइकिल, चप्पल, बैग और मोबाइल फोन मिला। सामान मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई और आसपास के क्षेत्र में भी तलाश शुरू कर दी गई।घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी गगन हनवत और थाना प्रभारी सुधीर सिंह कुशवाहा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने नदी के आसपास के इलाके में जानकारी जुटाने के साथ युवक की तलाश शुरू कराई।युवक के नदी में डूबने की आशंका को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने एसडीआरएफ टीम को भी सूचना दी है। टीम के पहुंचने के बाद नदी में सर्चिंग अभियान चलाया जाएगा।फिलहाल पुलिस ने युवक की गुमशुदगी दर्ज कर ली है और उसके अचानक लापता होने के कारणों की भी जांच की जा रही है। परिजन युवक के सकुशल वापस लौटने की उम्मीद लगाए हुए हैं।





