संदीप मौर्य✍️
कटनी-जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हर सिमरनप्रीत कौर द्वारा गत दिवस आयोजित समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों का असर अब मैदानी स्तर पर दिखाई देने लगा है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के प्रभावी क्रियान्वयन और लंबित आवासों को पूर्ण कराने के उद्देश्य से सेक्टर सुपरवाइजर गांव-गांव पहुंचकर हितग्राहियों से सीधा संवाद कर रहे हैं। मैदानी भ्रमण के दौरान सेक्टर सुपरवाइजर हितग्राहियों के आवासों की स्थिति का जायजा ले रहे हैं तथा आवास निर्माण में आ रही समस्याओं और कठिनाइयों को गंभीरता से सुन रहे हैं। साथ ही, समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही की जा रही है, ताकि हितग्राहियों को समय पर राहत मिल सके और निर्माणाधीन आवासों को शीघ्र पूर्ण कराया जा सके।
हितग्राहियों को समझाइश, आवास पूर्णता पर जोर
समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुरूप सेक्टर सुपरवाइजर द्वारा हितग्राहियों को आवास निर्माण शीघ्र पूर्ण करने के लिए समझाइश दी जा रही है। उन्हें योजना के उद्देश्य की जानकारी देते हुए अपने आवास का निर्माण निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूरा करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। सेक्टर सुपरवाइजर हितग्राहियों से व्यक्तिगत रूप से चर्चा कर उनकी समस्याओं को समझने और समाधान की दिशा में आवश्यक पहल करने पर विशेष ध्यान दे रहे हैं।
समीक्षा से धरातल तक, परिणामोन्मुखी कार्यवाही पर फोकस
जिला पंचायत सीईओ द्वारा समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के बाद मैदानी अमले की सक्रियता से यह स्पष्ट है कि योजना की प्रगति को लेकर प्रशासन गंभीरता से कार्य कर रहा है। बैठक में हुई समीक्षा को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखते हुए निर्देशों को धरातल पर क्रियान्वित करने और हितग्राहियों को सीधे लाभ पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत प्रत्येक पात्र हितग्राही को पक्का आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आवास पूर्णता में तेजी लाना, हितग्राहियों की समस्याओं का निराकरण करना और मैदानी स्तर पर सतत निगरानी बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। गांव-गांव पहुंचकर किया जा रहा यह संवाद योजना के क्रियान्वयन को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।





