संदीप मौर्य✍️
कटनी। इंद्रानगर स्थित शाल्या होटल में संचालक पर कट्टे से फायरिंग करने के मामले में कुठला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत चार आरोपियों को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कट्टा और दो मोटरसाइकिल भी जब्त की हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
कमरा बुक कराने को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, जयप्रकाश वार्ड नई बस्ती निवासी प्रेमशंकर राय (56) ने 21 अक्टूबर 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह इंद्रानगर स्थित शाल्या होटल के कार्यालय में बैठे थे। रात करीब 9 बजे सुनील यादव अपने तीन साथियों के साथ होटल में कमरा बुक कराने पहुंचा। कमरा देने से इनकार करने पर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि सुनील यादव ने गाली-गलौज करते हुए कट्टा निकालकर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। प्रेमशंकर राय के झुक जाने से गोली उनके बगल से निकल गई। इसके बाद आरोपियों ने उनके साथ झूमाझटकी और मारपीट की तथा मौके से फरार हो गए।
CCTV फुटेज और मुखबिरों से मिली मदद
मामले की गंभीरता को देखते हुए कुठला पुलिस ने अपराध क्रमांक 930/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य और उप पुलिस अधीक्षक अनिमेष द्विवेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश दाहिया ने पुलिस टीमों का गठन किया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मुख्य आरोपी से कट्टा और दो बाइक जब्त
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील यादव (32), निवासी इंद्रानगर गली नंबर-9, कटनी; पवन यादव (18), निवासी गनियारी, जिला पन्ना; जयपाल उर्फ मुन्ना यादव (25) और ब्रजेश यादव (24), निवासी ग्राम डोभा, जिला पन्ना के रूप में की है।
पुलिस ने मुख्य आरोपी सुनील यादव के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया कट्टा तथा भागने में प्रयुक्त पल्सर और अपाचे मोटरसाइकिल जब्त की हैं। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में कुठला थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश दाहिया, उपनिरीक्षक विनोद सिंह, सहायक उपनिरीक्षक श्याम सिंह, प्रधान आरक्षक अजीत मिश्रा, रामेश्वर सिंह, अजय यादव, आलोक तिवारी, ताहिर खान तथा आरक्षक पुष्पेंद्र त्रिपाठी, विजय प्रजापति, विजय राणा, बुद्धू कुमार, मनोज सिंह, शिशिर पांडेय सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





