संदीप मौर्य✍️
कटनी। अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कुठला पुलिस ने ग्राम हरदुआ क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर कुल 15 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6 हजार रुपये बताई गई है, जब्त की। वहीं शराब बनाने में प्रयुक्त करीब 3 क्विंटल महुआ लाहन मौके पर नष्ट किया गया।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक शिवा पाठक के मार्गदर्शन में कुठला थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश दाहिया के नेतृत्व में की गई।
8 सितंबर 2026 को पुलिस टीम ने ग्राम हरदुआ स्थित कचबंधिया मोहल्ले में अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री की सूचना पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान सोनिया बाई (55), माया बाई (50) और जालौर कुचबंधिया (60) के ठिकानों से शराब बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।
पुलिस ने तीनों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की है। साथ ही क्षेत्र के लोगों को नशे से दूर रहने तथा अवैध शराब अथवा मादक पदार्थों के कारोबार की सूचना पुलिस को देने के लिए जागरूक किया गया।
कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक रवि शुक्ला, श्यामनारायण सिंह, प्रधान आरक्षक राहुल मिश्रा, सुनील पाण्डेय सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





