संदीप मौर्य ✍️
कटनी। एनएच-30 पर ग्राम छपरा, थाना स्लीमनाबाद क्षेत्र में स्थित गोलू ढाबा एवं नाश्ता सेंटर का खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शिकायत के आधार पर औचक निरीक्षण किया। टीम ने ढाबे में उपलब्ध खाद्य पदार्थों की जांच करते हुए विभिन्न खाद्य सामग्री के सैंपल लिए हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय कुमार गुप्ता के अनुसार, ग्राम छपरा निवासी नीरज गुप्ता द्वारा कार्यालय में लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई थी। शिकायत में ढाबे पर कथित रूप से गुणवत्ताहीन खाद्य पदार्थों का उपयोग एवं बिक्री किए जाने की बात कही गई थी।
शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ढाबे का निरीक्षण किया। इस दौरान उपलब्ध खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। इन सैंपलों को परीक्षण के लिए भेजा जाएगा।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा गुणवत्ता संबंधी अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





