कटनी। कटनी मुड़वारा रेलवे स्टेशन पर टिकट चेकिंग के दौरान यात्री और टीसी के बीच हुए कथित विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो को लेकर रेलवे की टिकट चेकिंग व्यवस्था और यात्रियों के साथ कर्मचारियों के व्यवहार पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, घटना शाम करीब 4 बजे स्टेशन के ब्रिज के ऊपर की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि टिकट चेकिंग के दौरान एक यात्री के पास टिकट नहीं मिलने पर टीसी और यात्री के बीच विवाद की स्थिति बन गई।
वायरल वीडियो में यात्री और टीसी के बीच कहासुनी के साथ कथित धक्का-मुक्की दिखाई दे रही है। हालांकि, वीडियो कब और किन परिस्थितियों में बनाया गया, इसकी स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
सूत्रों के अनुसार, विवाद के बाद यात्री से कथित तौर पर माफीनामा लिखवाया गया। साथ ही यात्री के नाम पर ₹510 और ₹1,000 की अलग-अलग रसीद बनाए जाने की बात भी सामने आ रही है। हालांकि, इन रसीदों तथा पूरे घटनाक्रम की रेलवे प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वीडियो वायरल होने के बाद यात्रियों के बीच इस घटना को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। यात्रियों का कहना है कि बिना टिकट यात्रा की स्थिति में रेलवे के नियमों के अनुसार कार्रवाई किया जाना स्वाभाविक है, लेकिन चेकिंग के दौरान यात्रियों के साथ व्यवहार भी मर्यादित और नियमों के अनुरूप होना चाहिए।





