देवास के खेताखेड़ी स्थित शीतल मेटल कंपनी में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद सनसनी फैल गई है। युवक कंपनी की छत पर सोलर प्रोजेक्ट के निरीक्षण के लिए पहुंचा था, जहां से गिरने के बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए सुरक्षा इंतजामों में लापरवाही और सीसीटीवी फुटेज गायब होने की बात कही है। वहीं पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार नागदा निवासी 27 वर्षीय अभिषेक चौहान मंगलवार शाम खेताखेड़ी स्थित शीतल मेटल कंपनी में सोलर प्रोजेक्ट से संबंधित कार्य के लिए पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि निरीक्षण के दौरान वह कंपनी की छत से करीब 20 से 25 फीट नीचे गिर गए। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और परिचित कंपनी पहुंच गए। परिजनों का आरोप है कि अभिषेक को बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के ऊंचाई पर भेजा गया था। उनका कहना है कि यदि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया होता तो यह हादसा टाला जा सकता था। इसी बात को लेकर परिजनों ने कंपनी के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की। मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब परिजनों ने कंपनी के सीसीटीवी फुटेज को लेकर सवाल उठाए। परिजनों का आरोप है कि घटना शाम करीब 5 बजे हुई, लेकिन उन्हें इसकी सूचना काफी देर बाद दी गई। वहीं जब उन्होंने सीसीटीवी रिकॉर्डिंग देखने की मांग की तो उन्हें बताया गया कि संबंधित फुटेज उपलब्ध नहीं है। इसके बाद परिजनों ने पूरे घटनाक्रम को संदेहास्पद बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
सूचना मिलने पर नाहर दरवाजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। थाना प्रभारी आलोक सोनी ने बताया कि युवक के छत से गिरने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ उपलब्ध सीसीटीवी और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल शीतल मेटल कंपनी में हुई इस मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या यह महज एक हादसा था या फिर सुरक्षा में लापरवाही किसी की जान पर भारी पड़ गई? और आखिर सीसीटीवी फुटेज को लेकर उठ रहे सवालों की सच्चाई क्या है? इन सभी सवालों के जवाब अब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे।





