टावर पर चढ़ी महिला को न्याय का भरोसा देने में प्रशासन नाकाम, 6 घंटे से धूप में चढ़ी रही पीड़िता
नगर के मुख्य मार्ग स्थित चर्च के सामने एक मकान के पीछे लगे मोबाइल टावर पर चढ़ी महिला को दोपहर तक भी नीचे नहीं उतारा जा सका। जमीन संबंधी कथित धोखाधड़ी से परेशान महिला सुबह से टावर पर चढ़ी हुई है। समाचार लिखे जाने तक दोपहर लगभग 3,12 बजे महिला टावर पर ही बैठी रही, जिससे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
मौके पर पुलिस, राजस्व विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे, लेकिन महिला को न्याय का ठोस भरोसा दिलाने में सफलता नहीं मिल सकी। इसी अविश्वास के कारण महिला नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई।
महिला की पहचान सोनम मल्लाह, पति किशन मल्लाह, निवासी वार्ड क्रमांक 3 सिहोरा के रूप में हुई है। महिला का आरोप है कि उसके बड़े पिता के पुत्र संतोष मल्लाह एवं गोपाल मल्लाह ने एक स्थानीय व्यवसायी के साथ मिलीभगत कर उसकी जमीन कथित रूप से धोखाधड़ीपूर्वक बेच दी है।
महिला के पति किशन मल्लाह का कहना है कि जमीन संबंधी शिकायतें कई बार राजस्व विभाग और पुलिस थाने में की गईं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि संबंधित व्यवसायी के प्रभाव के कारण अधिकारियों ने मामले में गंभीरता नहीं दिखाई, जिसके चलते परिवार का प्रशासन पर भरोसा समाप्त हो गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। भीड़ बढ़ने से मुख्य मार्ग पर जाम जैसी स्थिति निर्मित हो गई। पुलिस बल ने क्षेत्र में व्यवस्था संभालते हुए लोगों को नियंत्रित किया और महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास जारी रखे।
प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा महिला से लगातार संवाद किया जा रहा है। वहीं पुलिस और राजस्व विभाग मामले से जुड़े दस्तावेजों एवं शिकायतों की जानकारी एकत्र कर रहे हैं।
हालांकि जमीन संबंधी लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। मामले में आरोपित पक्ष का पक्ष भी सामने आना शेष है। प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।






