अम्बाह के अधनपुर पंचायत में चार साल से अंधेरे में जी रहे 1200 ग्रामीण, बिल आ रहा है लेकिन बिजली नहीं – बच्चों की पढ़ाई पर संकट
मुरैना। जिले के अम्बाह तहसील क्षेत्र की अधनपुर पंचायत के अंतर्गत स्थित सोनपाल का पुरा, वृन्दावन की घड़ी और कौआवर गांव में पिछले चार वर्षों से बिजली की गंभीर समस्या बनी हुई है। लगभग 1100 से 1200 की आबादी वाले इन तीनों पुरों के ग्रामीण आज भी बिजली सुविधा से वंचित हैं, जबकि उनके नाम पर बिजली कनेक्शन है और हर महीने बिल भी भेजा जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि उनके घरों में कनेक्शन के कागज में किसी दूसरे की जाति व्यक्ति के नाम के साथ लगाई गई हैं। बिजली विभाग के द्वारा अभी तक न ही खम्बे लगे हैं और न ही खंभों पर तार हैं और ट्रांसफार्मर से सप्लाई ही नहीं दी जा रही है। बिल न भरने पर विभाग द्वारा जुर्माना लगाने की धमकी भी दी जाती है।
बिजली न होने से सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है। शाम होते ही पूरे इलाके में अंधेरा छा जाता है। बच्चे दीया और टॉर्च की रोशनी में पढ़ने को मजबूर हैं, जिससे उनकी शिक्षा बुरी तरह प्रभावित हो रही है। गर्मी में बुजुर्गों और महिलाओं को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले डेढ़ साल से वे हर एक-दो महीने में बिजली विभाग के चक्कर लगा रहे हैं। कभी ए ई कार्यालय तो कभी डी जी एम दफ्तरों में आवेदन दे चुके हैं। हर बार अधिकारियों द्वारा सिर्फ आश्वासन दिया जाता है – “कुछ ही दिनों में लाइट हो जाएगी”, “अभी टेंडर होने वाला है”, “एस्टीमेट बना कर भेज दिया है”, लेकिन जमीन पर कोई काम नहीं हुआ। एक साल से लगातार चक्कर लगाने के बाद भी लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की गई।
इसी समस्या से परेशान होकर आज अधनपुर पंचायत के ग्रामीणों ने एकजुट होकर बिजली घर का घेराव किया। ग्रामीणों ने डीजीएम को ज्ञापन सौंपकर न्याय की मांग की और जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति शुरू करने की मांग रखी।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि अब भी उन्हें बिजली सुविधा से वंचित रखा गया तो वे भविष्य में बड़ा आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जवाबदारी बिजली विभाग की होगी।





